पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि होने के बाद सीएनजी ईंधन वाली गाड़ियों के तरफ लोगों का झुकाव तेजी से बढ़ा है। राजधानी पटना के सभी ऑटो में सीएनजी लगाना सरकार ने अनिवार्य कर दिया है। इसी के मद्देनजर अगले महीने मार्च तक राजधानी में सीएनजी स्टेशनों की संख्या 15 से बढ़कर 20 हो जाएगी।
राजधानी के परसा, भूतनाथ रोड, खुसरूपुर और पंडारक में नए सीएनजी स्टेशन खुलेंगे। इसके साथ ही मुजफ्फरपुर और बेगूसराय में मार्च में सीएनजी स्टेशनों की संख्या में बढ़ोतरी होगी। गुरुवार को परिवहन सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने नए सीएनजी स्टेशनों के खुलने और पाइपलाइन विस्तार को लेकर समीक्षा की जिसमें यह फैसला लिया गया।

समीक्षा बैठक में सीएनजी सेवा देने वाली कंपनियां गेल, आइओसीएल, थिंक गैस एवं आइओएजीपीएल के प्रतिनिधियों के साथ सीएनजी स्टेशनों की मौजूदा स्थिति पर विचार विमर्श हुआ। अधिकारियों को साफ तौर पर कहा गया कि सीएनजी भराने आए लोगों को किसी तरह की कोई समस्या नहीं होनी चाहिए, सीएनजी स्टेशनों का इसके लिए दौरा किया जाए। परेशानी की वजहों की पहचान कर जल्द से जल्द निवारण का प्रयास किया जाए।
कंपनियों को परिवहन सचिव ने राज्य में प्रस्तावित सीएनजी स्टेशनों के स्थापना एवं पाइप लाइन के विस्तार में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंप पर सीएनजी स्टेशन स्थापित करने में कोई परेशानी होती है तो उसे तत्काल अवगत कराएं उसका शीघ्र निवारण होगा। पेट्रोल पंप पर सीएनजी स्टेशन लगाना पंप मालिक की मर्जी नहीं है, इसे लगाना अनिवार्य है। समीक्षा बैठक में राज्य परिवहन के आला अधिकारी उपस्थित रहे। (इस आर्टिकल में चित्रों का प्रयोग सांकेतिक रूप से किया गया है।)