देश के पहाड़ी हिस्सों से आ रही सर्द पछुआ हवा के प्रभाव ने बिहार में ठिठुरन बढ़ा दी है। बीते दिन गुरुवार को 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अधिकतम हवा चलने के कारण राजधानी पटना सहित मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर, बक्सर, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, बेगूसराय, जहानाबाद, लखीसराय, पूर्वी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीवान, सारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, आरा, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद और अरवल में कोल्ड डे रहा।
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि 28 और 29 जनवरी को राज्य के इन्हीं जिलों में सर्दी का सितम जारी रहेगा। आईएमडी ने कोल्ड वेब को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। 16 किलोमीटर प्रति घंटे तक हवा की रफ्तार रह सकती है। न्यूनतम पारा 2 से 4 डिग्री तक लुढ़केगा। आगामी 5 दिनों में बारिश होने की उम्मीद नहीं है। गुरुवार को राज्य का पूसा सबसे ठंड जगह रहा। इस दौरान न्यूनतम पारा 5.5 डिग्री नीचे गिरकर 7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। राजधानी का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस आंका गया।

सर्दी का सितम इस कदर रहा कि मौसम के बदले मिजाज से राजधानी समेत 18 जिलों का न्यूनतम पारा 9 डिग्री से नीचे रिकार्ड किया गया। गोपालगंज का न्यूनतम पारा 5 डिग्री लुढ़ककर 7.4, नवादा का 6.3 डिग्री गिरकर 7.7, औरंगाबाद का 4 डिग्री गिरकर 7.8 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि सहरसा और भागलपुर में न्यूनतम पारा 10 से ज्यादा रहा। राज्य में सबसे ज्यादा न्यूनतम पारा खगरिया में 6.9 डिग्री लुढ़क कर 9.2 डिग्री दर्ज किया गया।
सर्द हवाओं के चलते धूप निकलने के बावजूद भी राजधानी समेत बिहार के अधिकांश जिलों के अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। राजधानी का अधिकतम तापमान 1.8 डिग्री लुढ़क कर 18.6 डिग्री दर्ज किया गया। राज्य के बाल्मीकि नगर में अधिकतम तापमान 16.6 डिग्री रहा, वहीं सबौर में अधिकतम पारा 21 डिग्री रहा। भागलपुर में एक डिग्री नीचे गिरकर 20.9 डिग्री रहा। सबसे अधिकतम तापमान खगड़िया का रहा इस दौरान 3.7 डिग्री लुढ़ककर 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।