बिहार मत्स्य पालन विभाग पटना में थोक मछली बाजार बनाएगी। प्रधान मंत्री मत्स्य संपदा विकास योजना के तहत 7 करोड़ रुपए की राशि खर्च कर एक एकड़ जमीन पर मछली बाजार बनाया जाएगा। नेशनल फिशरीज डेवलपमेंट बोर्ड खर्च होने वाली राशि उपलब्ध कराएगी। पटना एम्स के पास फुलवारी शरीफ में थोक मछली बाजार बनेगा जिसके लिए एनएफडीबी के अधिकारियों ने मुआयना भी कर लिया है। एनएफडीबी ने कहा है कि 4 एकड़ भूमि उपलब्ध हो तो 50 करोड़ की लागत से बड़ा थोक मछली बाजार का निर्माण होगा। मछली की नीलामी के लिए थोक बाजार में बड़ा हॉल भी बनाया जाएगा।
थोक मछली बाजार में व्यापारियों और ट्रक चालकों की सुविधा के लिए विश्रामगृह भी होगा। मछली सुरक्षित रहें इसके लिए कोल्ड स्टोरेज भी होगा। बर्फ और पानी की सुविधा रहेगी। कैंपस में कमरा और जरूरी सुविधाएं भी बहाल होगी। मछली का चोइटा सुखाने की भसुविधा रहेगी, बाहर भेज कर कमाई भी हो सकेगी। राज्य के भागलपुर, मुजफ्फरपुर, गया, दरभंगा, मुंगेर समेत 9 प्रमंडलीय मुख्यालयों में 2 करोड़ रुपए की राशि खर्च कर थोक मार्केट बनाया जाएगा।

वीआईपी सुप्रीमो व मत्स्य पालन मंत्री मुकेश साहनी ने बताया कि राजधानी एम्स के निकट फुलवारी शरीफ में थोक मछली बाजार का निर्माण होगा। मछली बाजार निर्माण के लिए केंद्र प्रधानमंत्री राष्ट्रीय मत्स्य संपदा विकास योजना के तहत राशि उपलब्ध कराएगी। राज्य में पंचायत से लेकर प्रमंडल तक मछली मार्केट बनाने की योजना पर काम हो रहा है। साल 2021-22 में 85 करोड़ की राशि का प्रावधान हो रहा है।