टोक्यो ओलंपिक में नीरज चोपड़ा ने स्वर्ण पदक जीतकर रचा इतिहास, भारत को ‘ट्रैक एंड फील्ड’ में पहला गोल्ड

जैवलिन थ्रो नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। आज उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल भारत और अपने नाम किया। आपको बता दें कि ‘ट्रैक एंड फील्ड’ में भारत का यह पहला गोल्ड मेडल है।

नीरज चोपड़ा ने फाइनल में प्रदर्शन करते हुए क्रमश: 87.03, 87.58, 76.79, x, x, 84.24 मीटर का जैवलिन थ्रो किया। जैवलिन थ्रो में गोल्ड मेडल जीतने वाले नीरज पहले भारतीय हैं। नीरज चोपड़ा से पहले बीजिंग ओलंपिक में अभिनव बिंद्रा ने निशानेबाजी में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता था।

नीरज चोपड़ा ने क्वालीफिकेशन राउंड के पहले प्रयास में ही 86.65 मीटर के थ्रो के साथ पदक की उम्मीदें बढ़ा दी थीं। नीरज अपने प्रदर्शन के हिसाब से ग्रुप ‘ए’ में पहले स्थान पर आए थे और फाइनल के प्रबल दावेदार बने। क्वालीफाइंग राउंड में बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए नीरज से गोल्ड मेडल की उम्मीद लगी हुई थी जिसे नीरज ने आज साकार कर दिखाया।

नीरज ने इस साल मार्च में इंडियन ग्रां प्री में 88.07 मीटर के थ्रो के राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ अपने सीजन की शुरुआत की थी और इसके बाद फेडरेशन कप में 87.80 मीटर थ्रो के साथ बेहतर प्रदर्शन किया था।

Leave a Comment