बिहार में पछुआ हवा ने बढ़ाई ठंड, जाने राज्य में कब मिलेगी ठंड से राहत, देखें मौसम का हाल।

फिलहाल राज्य में ठंड का कहर और बढ़ गया है। हालांकि बुधवार को अधिकांश जिलों में धूप का दर्शन तो हुआ किन्तु शीतलहर की वजह से कंपकंपी रही। मौसम विभाग ने बताया है कि आने वाले अगले 2 दिनों में तापमान में वृद्धि हो सकती है, जिससे लोगों को ठंड से राहत मिलेगी। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 4 दिनों तक उत्तर बिहार में आसमान साफ व मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि कोल्ड डे की स्थिति में कोई परिवर्तन नहीं होगा। पछुआ पवन के कारण कनकनी रह सकती है। जिलों का अधिकतम तापमान में वृद्धि हो सकती है लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है। यह 6 से 8 डिग्री तक रहने की संभावना है। सुबह में मध्यम कुहासा रहेगा।

मौसम विज्ञानी राजेश कुमार के अनुसार राज्य में अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर पूर्व जिले के पश्चिमी व पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, गोपालगंज, सिवान, सारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, वैशाली, पूर्णिया, सुपौल, किशनगंज, कटिहार, मधेपुरा, अररिया, सहरसा में कोल्ड डे सर्द दिन को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी पटना सहित गया, नवादा, नालंदा, शेखपुरा, बेगूसराय, लखीसराय, औरंगाबाद, बक्सर, भोजपुर, जहानाबाद, रोहतास, भभुआ, अरवल जिले में घना कोहरा के साथ कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है।

मुजफ्फरपुर, पटना, भागलपुर सहित अधिकांश जिलों में शीतलहर का प्रकोप जारी है। वहीं बुधवार को पटना का तापमान समान्य से 4 डिग्री लुढ़क कर अधिकतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बता दें कि 5.4 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे ठंडा इलाका बांका रहा। मुजफ्फरपुर में शीतलहर का प्रकोप जारी रहा। बुधवार की सुबह कुहासा छाया रहा। दोपहर में धूप खिली किन्तु पछुआ पवन की वजह से कनकनी बनी रही।

पछुआ पवन की रफ्तार 4.1 किमी रही। राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के मुताबिक बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 15.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 7.7 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.1 डिग्री कम रहा। सुपौल , फारबिसगंज,भागलपुर, मोतिहारी मुजफ्फरपुर, सबौर में भी कड़ाके की ठंड है। फारबिसगंज, गया में घना कोहरा छाए रहा। जबकि पटना सहित अन्य जिलों में मध्यम स्तर का कोहरा रहा। सबसे कम दृश्यता 50 मीटर गया में रिकॉर्ड किया गया।

बुधवार को भागलुपर के अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई। अधिकतम तापमान 13.4 से बढकर 15 डिग्री व न्यूनतम 4.5 से बढकर 6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। लेकिन तापमान में वृद्धि के बाद पछुआ हवा से कनकनी बनी रही। ठंड को देखते हुए एक बार पुनः स्कूलों में छुट्टी बढ़ा दी गई। डीएम सुब्रत कुमार सेन ने सभी सरकारी व गैर सरकारी विद्यालयों में कक्षा एक से 8 तक की कक्षाएं स्थगित करने के निर्देश दिए। वहीं कक्षा 9 से उपर की कक्षाओं का संचालन भी सुबह 9 बजे के बाद करने के आदेश दिए गए हैं।